दूसरे देशों के मुकाबले भारत में सबसे कम बढ़े तेल के दाम : केशव मौर्य
Banda News - बांदा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि विश्व में ईंधन संकट है, लेकिन भारत में डीजल-पेट्रोल की कीमतें अन्य देशों की तुलना में कम बढ़ी हैं। उन्होंने पीएम मोदी की अपील पर सहयोग करने की बात कही। इसके अलावा, उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और धार्मिक आयोजनों में भी भाग लिया।
बांदा। पूरे दुनिया में इस समय ईंधन का संकट है। सभी देशों में डीजल-पेट्रोल के मनमानी दाम बढ़ाए गए हैं, पर भारत में सबसे कम बढ़े हैं। पीएम मोदी ने देशवासियों से जो भी अपील की है, उसमें सभी लोग सहयोग करें। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सोमवार को यहां मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत में कही। सोमवार को उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा चिल्ली धाम और खुरहंड स्थित सदर विधायक के आवास आयोजित आशीर्वाद समारोह में भी वह शामिल हुए। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपने पूर्व निर्धारित समय से करीब आधा घंटे विलंब से दोपहर एक बजे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज हेलीपैड पर पहुंचे।
यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, जिला उपाध्यक्ष अमित सेठ भोलू आदि ने उनका स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद वह यहां से चिल्ली धाम पहुंचे। यहां सात दिन से चल रहीं भागवत कथा तथा गायत्री महायज्ञ के समापन पर भाग लिया। राष्ट्रीय कथा व्यास डॉ. रामनारायण त्रिपाठी के समक्ष व्यास पीठ में उन्होंने आशीर्वाद लिया। इस दौरान महामंडलेश्वर विज्ञाना नंद, दिव्याबर मुनि पंजाब, गुरुचरण प्रकाश ब्रह्मचारी, शांतिकुंज प्रतिनिधि सुरेश पांडेय,कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल भी उपस्थित रहे। इसके बाद डिप्टी सीएम दोपहर में करीब दो बजे वह खुरहंड में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास में पहुंचकर उनके नवविवाहित बेटे व बहू को आशीर्वाद दिया। करीब 20 मिनट यहां रुकने के बाद वह वापस मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां अधिकारियों के साथ बैठक की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


