बांदा। निज संवाददाता
सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। शुक्रवार को नए साल के पहले दिन भी गलन भरी सर्दी ने लोगों को हलकान रखा। लोगों के लिए अलाव ही सहारा बने। दिन भर बादल छाए रहे। कुछ देर निकली धूप भी राहत नहीं दे सकी।
पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण जिले में सुबह से सर्द हवाओं ने लोगों को खूब झकझोरा। हालांकि कई अलग अलग तहसीलों में प्रशासनिक अमले ने गरीबों में कंबल वितरण शुरू करा दिया है। समाजसेवी भी गर्म कपड़े बांटने के लिए आगे आने लगे हैं। नगरपालिका ने भी शहर के अलग अलग चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराई है। लेकिन अभी भी कई ऐसे सार्वजनिक स्थान हैं, जहां पर अलाव न जलने से लोग हलकान रहे। शुक्रवार को कई जगह मवेशी और लोग एक साथ अलाव के पास नजर आए।