ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बांदाफागिंग मशीनें दे गईं जवाब, मच्छर कर न दें सेहत खराब

फागिंग मशीनें दे गईं जवाब, मच्छर कर न दें सेहत खराब

नगर पालिका प्रशासन शहर के पौने दो लाख की आबादी के स्वास्थ्य के साथ मजाक कर रहा है। मात्र एक मशीन से शहर के 31 वार्डों में फागिंग कराने का दावा किया जा रहा है। जिससे एक माह में भी वार्डों में फागिंग...

फागिंग मशीनें दे गईं जवाब, मच्छर कर न दें सेहत खराब
हिन्दुस्तान टीम,बांदाFri, 22 Nov 2019 09:25 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर पालिका प्रशासन शहर के पौने दो लाख की आबादी के स्वास्थ्य के साथ मजाक कर रहा है। मात्र एक मशीन से शहर के 31 वार्डों में फागिंग कराने का दावा किया जा रहा है। जिससे एक माह में भी वार्डों में फागिंग नहीं हो पाती। शहर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ रहा है। लोग मलेरिया सहित डेंगू जैसे बुखार की चपेट में आ रहे हैं और नगर पालिका प्रशासन फागिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहा है।

नगर पालिका की कार्यशैली से शहर की पौने दो लाख की आबादी के स्वास्थ्य पर संकट खड़ा हो रहा है। सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। पूरे शहर में मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ गया है कि दिन में भी लोगों का खुले में बैठना मुहाल हो रहा है। नगर पालिका ने कई साल पहले शहर में फागिंग कराने के लिए दो मशीनें खरीदी थीं। जिसमें बड़ी मशीन 11 लाख की व छोटी मशीन करीब एक लाख की लागत से खरीदी गई थी। छोटी मशीन कुछ दिन बाद ही खराब हो गई। बड़ी मशीन के भरोसे पिछले कई साल से शहर में फागिंग का कार्य लिया जा रहा है। पिछले पालिका चुनाव में तीन वार्ड बढने के बाद शहर में कुल 31 वार्ड हो चुके हैं। शहर की आबादी भी पौने दो लाख पहुंच गई है, लेकिन पालिका के संसाधनों में आबादी के हिसाब से बढोत्तरी नहीं की जा रही। स्वास्थ्य महकमा भी मच्छरों की रोकथाम के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रहा। जिसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

दूसरी फागिंग मशीन भी फंुकी

अब तक एक फागिंग मशीन से नगर पालिका प्रशासन शहर में फागिंग कराने का दावा कर रहा था। हालांकि उनके इस दावे में भी सच्चाई कम ही देखने को मिल रही थी। पालिका कर्मी शहर के कुछ वीआईपी के आवासों में फागिंग कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे थे। दो दिन पहले यह बड़ी मशीन भी फंु क गई। जिससे फागिंग का काम पूरी तरह से ठप हो गया है।

जब प्यास लगे तो कुआं खोदो

नगर पालिका प्रशासन के लिए जब प्यास लगे तो कुआं खोदो वाली नीति बिल्कुल सटीक बैठती है। जब शहर में मच्छरों के प्रकोप से लोगों का जीना दूभर हो रहा है, तब पालिका फागिंग मशीनें खरीदने के लिए फाइलें तैयार करने में जुटी है। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि तीन मशीनें खरीदने के लिए जेम पोर्टल में डिमांड डाली गई है। रेट मिलने पर फागिंग मशीनों की खरीद की जाएगी।

...तो अब साहबों को भी मच्छर करेंगे तंग

अब तक जिस मशीन के जरिए अधिकारियों के आवासों को मच्छर मुक्त किया जा रहा था। वह मशीन भी बुधवार की रात फुंक चुकी है। दूसरी मशीन के फुंकने से पालिका के पास अब फागिंग के लिए कोई जरिया नहीं बचा है। ऐसे में अब साहबों को भी मच्छर तंग कर सकते हैं।

--

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें