अलग-अलग घटनाओं में मासूम बालिका समेत पांच की जहरीले कीड़ा काटने से हालत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती मासूम बालिका की चिकित्सकों ने हालत नाजुक बताई गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के सैमरा गांव निवासी सूरज पाल की नौ माह की पुत्री रिया रविवार की रात घर में चारपाई पर लेटी थी। इसी दौरान जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी सुनीता (35) पत्नी रामस्वरूप सोमवार को सुबह खाना पकाने के लिए कमरे से कंडा निकाल रही थी। कंडों के ढेर में छिपे जहरीले कीड़े ने उसे डस लिया। वापस लौटकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह गिरवां थाना क्षेत्र के गैंड़ीमाफी गांव निवासी सुमन (26) पत्नी विक्रम को सोमवार को सुबह रसोई घर में खाना पकाते समय सांप ने डस लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। घर वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के पिथौराबाद गांव में मसीहा (46) पत्नी इलाही को रविवार की रात जहरीले कीड़े ने काट लिया। जिला अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। एक अन्य घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी बेलपतिया (45) पत्नी रामदयाल रविवार की रात घर की सफाई करते समय सांप के डसने से उसकी हालत बिगड़ गई। घर वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।