साढ़े 45 करोड़ की लागत से बनेगा बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क
Banda News - बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क बांदा में बनेगा। यह पार्क छात्रों को वैज्ञानिक अनुभव बढ़ाने में मदद करेगा और 45 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। इसमें एक्जीवीशन गैलरी, नॉलेज थियेटर और अन्य वैज्ञानिक गतिविधियों की सुविधाएं होंगी। यह पार्क युवाओं को नवाचार और विज्ञान की जानकारी प्रदान करेगा।

बांदा संवाददाता। बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क बांदा में बनेगा। साइंस पार्क में मनोरंजन के साथ ही अब वैज्ञानिक नवाचार भी किया जा सकेगा। छात्रों को वैज्ञानिक अनुभव बढ़ाने में मदद मिल सकेगी। करीब साढ़े 45 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला साइंस पार्क आईटी, एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स आदि के क्षेत्रों में स्टार्टअप और समाज के विकास को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। मंगलवार को लखनऊ से आई विशेषज्ञ टीम ने शहर के नरैनी रोड स्थित कांशीराम उपवन में बुंदेलखंड के पहले साइंस पार्क की भूमि को देखा। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे व बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव मदनमोहन वर्मा ने बताया कि पार्क के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण का काम सीएंडडीएस को सौंपा गया है।
कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक रणजीत कुमार ने बताया कि परियोजना की कुल लागत 4556.80 लाख रुपए आंकी गई है। पार्क के भवन और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपए और वैज्ञानिक गतिविधियों के लिए करीब 22 करोड़ रुपये निर्धारित हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीचंद्र चौधरी, चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू सभासद प्रतिनिधि ज्ञानप्रताप ज्ञानू, राहुल सिंह आदि शामिल रहे। एक्जीवीशन गैलरी व नॉलेज थियेटर से लैस होगा साइंस पार्क: रणजीत कुमार ने बताया कि बहुमंजिला इमारत में संचालित होने वाले साइंस पार्क में एक्जीवीशन गैलरी, नॉलेज थियेटर, स्पेस साइंस गैलरी समेत विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का भंडार होगा। बताया कि विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखने वाले बच्चों को साइंस पार्क के माध्यम से एक ही स्थान पर विज्ञान की संपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। बच्चों के खेलने के लिए हरे-भरे पार्क में भी खेल-खेल में विज्ञान सीखने की भी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। समूचा परिसर कैमरों और सौर ऊर्जा से लैस रहेगा। सीसी रोड और हरियाली से सुसज्जित साइंस पार्क में जिले के युवाओं को वैज्ञानिक नवाचार के साथ तमाम जानकारियां हासिल हो सकेंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


