
किसान दिवस में धान खरीद केंद्रों की समस्याओं का मुद्दा
Banda News - बांदा में किसान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें किसानों ने धान खरीद केंद्रों की समस्याओं को उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने योजनाओं का लाभ लेने और नवीनतम तकनीकों का उपयोग करने की बात की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बीज, ऊर्वरक, और धान खरीद केंद्रों के बारे में जानकारी दी।
बांदा। किसान दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान किसानों ने धान खरीद केंद्रों की समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मुख्य विकास अधिकारी अजय पांडेय ने किसानों को संबोधित करते हुये विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर नवीनतम तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की बात कही। जिला कृषि अधिकारी ने रबी सीजन में बीजों एवं ऊर्वरकों की उपलब्धता आदि के बारे में बताया। एआर कॉपरेटिव ने डीएपी, यूरिया ऊर्वरकों की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी ने उद्यान विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। प्रक्षेत्र अधीक्षक पीसीएफ एवं जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने जनपद में संचालित धान खरीद केंद्र एवं प्रति केंद्र खरीदे जा रहे धान की मात्रा के बारे में बताया। साथ ही विद्युत, नलकूप, सिंचाई, मंडी, फसल बीमा, भूमि संरक्षण, नाबार्ड एवं जिला पूर्ति कार्यालय आदि विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित किसान योजनाओं के बारे में जानकारी दी। किसान यूनियन के सदस्यों ने धान खरीद केंद्रों में किसानों का धान पर्याप्त मात्रा में न खरीदने के कारण किसानों को दो-दिन तक मंडियों में लाइन लगाने की समस्या रखी। करतल, नहरी क्षेत्र में धान खरीद केंद्र खुलवाने की मांग की। संबंधित अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




