
बांदा में बिजली बिल के 14 लाख लेकर कर्मचारी फरार, सस्पेंड
Banda News - बांदा के बबेरू उप खंड कार्यालय में टीजी-2 कर्मचारी घनश्याम ने उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा करने के बाद 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। जब धनराशि डिवीजन कार्यालय में जमा नहीं हुई, तो उसे निलंबित कर दिया गया। एसडीओ ने उसके खिलाफ तहरीर दी है।
बांदा। बिजली विभाग के बबेरू उप खंड कार्यालय में उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा करने के बाद टीजी-2 कर्मचारी 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। जब वसूले गए बिल की धनराशि जिला मुख्यालय स्थित डिवीजन कार्यालय में जमा नहीं हुई तो अधिकारियों ने खोजबीन की। उसका कहीं पता नहीं चलने पर एक्सईएन ने उसे निलंबित कर दिया। एसडीओ ने बबेरू कोतवाली में कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी है। जनपद के छोटे-बड़े बिजली बकायेदारों से वसूली को लेकर शासन स्तर से दबाव है। त्योहारों के सीजन में छुट्टियों के चलते बिल की वसूली भी प्रभावित हुई। त्योहार के बाद बिजली विभाग के सभी उप खंड कार्यालयों में काउंटर लगाकर बकाया बिल जमा किया गया।

उप खंड कार्यालय बबेरू में काउंटर पर बिल जमा करने की जिम्मेदारी टीजी-2 कर्मचारी घनश्याम को दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक काउंटर में पूरे दिन बिल जमा करने के बाद जिला मुख्यालय स्थित डिवीजन कार्यालय में कैश जमा करने का नियम है। कर्मचारी घनश्याम ने डिवीजन कार्यालय में जमा करने के बजाय, वसूला गया बिल अपनी जेब में रख लिया। करीब 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। अधीक्षण अभियंता नंदलाल के संज्ञान में मामला पहुंचा तो उनके निर्देश पर एक्सईएन ने घनश्याम को निलंबित कर दिया। वह 14 अक्टूबर को खुद अधिशासी अभियंता ग्रामीण कार्यालय पहुंचे और एक्सईएन को निर्देश दिए कि उप खंड कार्यालय बबेरू के अवर अभियंता गबन करने वाले कर्मचारी घनश्याम के खिलाफ पांच दिन के अंदर एफआईआर दर्ज कराएं। यदि जेई रिपोर्ट नहीं दर्ज कराते हैं तो इस गबन में उनकी भी संलिप्तता मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उप खंड अधिकारी बबेरू एजाज रसूल ने बताया कि बबेरू कोतवाली में तहरीर दी गई है। उसमें कुछ संशोधन के लिए बात कही जा रही है। जेई के माध्यम से जल्द रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कोट उप खंड कार्यालय बबेरू में टीजी-2 (टेक्नेशियन ग्रेड-2) कर्मचारी घनश्याम ने काउंटर में बिल के करीब 14 लाख रुपये जमा कराए हैं और डिवीजन में नहीं जमा किए। उसे निलंबित किया गया है। एसडीओ बबेरू को कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए निर्देशित किया गया है। - अमित पाल, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड ग्रामीण, बांदा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




