जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने पर बिफरे मंडलायुक्त
Banda News - बांदा में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के जारी करने में हो रही देरी पर मंडलायुक्त अजीत कुमार ने संज्ञान लिया है। नगर पालिका कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि लंबित मामलों को पांच दिन के अंदर निस्तारित करें। समय पर प्रमाण पत्र न मिलने से आम जन को असुविधा हो रही है।

बांदा। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र देरी से निर्गत करने पर आ रही शिकायतों का मंडलायुक्त अजीत कुमार ने संज्ञान लिया है। उन्होने नगर पालिका कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों को पांच दिन के अंदर निस्तारित करें। आयुक्त ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त अजीत कुमार ने बताया शिकायतकर्ताओं द्वारा यह तथ्य लाया गया कि नगर पालिका परिषद, बांदा द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समय से जारी नहीं किए जा रहे हैं, इससे आमजन को गंभीर असुविधा हो रही है।
शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारियों को मय पत्रावली के साथ कार्यालय कक्ष में बुलाकर पत्रावलियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 150 आवेदन जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आए, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा जन्म प्रमाण पत्र समय से उपलब्ध न होने से बच्चों के विद्यालयों में प्रवेश में विलंब हो रहा है, इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं ने यह भी अवगत कराया कि कई मामलों में बिना ठोस कारण के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त किए जा रहे हैं। आयुक्त ने अधिकतम पांच दिन में मामले निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


