
ट्रेन टिकट बुकिंग के दौरान 98 हजार रुपये की ठगी, मुकदमा
Banda News - बांदा। संवाददाता अतर्रा क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में ट्रेन टिकट बुकिंग
बांदा। संवाददाता अतर्रा क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में ट्रेन टिकट बुकिंग के दौरान एक युवक के बैंक खाते से 98 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। अंकित गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी लखन कॉलोनी अतर्रा का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अतर्रा शाखा में बचत खाता है। अंकित गुप्ता ने बताया कि 21 जनवरी को वह मानिकपुर से कोलकाता के लिए ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक कर रहे थे। टिकट बुकिंग के दौरान खाते से पैसा तो कट गया, लेकिन न तो कोई टिकट मिला और न ही पीएनआर नंबर प्राप्त हुआ।
रिफंड की जानकारी के लिए पीड़ित ने गूगल पर सर्च किया, जहां उसे कुछ मोबाइल नंबर मिले। इनमें से एक नंबर पर कॉल करने के बाद उसे एक अन्य नंबर से संपर्क किया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर रिफंड प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उस पर क्लिक करने और आवश्यक परमिशन देने को कहा। पीड़ित के अनुसार, लिंक पर क्लिक करने और परमिशन देने के बाद उसके गूगल पे अकाउंट से दो बार में कुल 98,000 रुपये (95,000 रुपये और 3,000 रुपये) कट गए। यह राशि यूपीआई आईडी सुप्रियो दास) के खाते में ट्रांसफर हो गई। पीड़ित ने संबंधित ट्रांजेक्शन आईडी और स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रखे हैं। घटना के बाद अंकित गुप्ता ने तुरंत बैंक को सूचना देकर अपना खाता फ्रीज कराया। साइबर क्राइम पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




