पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 1937 ने छोड़ा मैदान
बांदा में पुलिस आरक्षी नागरिक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भीषण गर्मी ने अभ्यर्थियों को मुश्किल में डाल दिया। 7296 में से 1937 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुरक्षा की कड़ी निगरानी के बीच कई केंद्रों का निरीक्षण किया गया। महिला अभ्यर्थियों की हालत गर्मी में बिगड़ी, जिससे उन्हें पानी की तलाश में परेशानी हुई।
बांदा। पुलिस आरक्षी नागरिक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भीषण गर्मी ने अभ्यर्थियों का इम्तिहान लिया। लू के थपेड़ों के बीच महिला अभ्यर्थी अभिभावकों के साथ केंद्र तक पहुंची तो उनकी हालत बिगड़ गई। दूसरे दिन पंजीकृत 7296 अभ्यर्थियों में 1937 ने मैदान छोड़ दिया। परीक्षा केंद्रों में पारदर्शिता के लिए कड़ी निगरानी की गई। डीएम व एसपी ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इधर-उधर घूमते मिले कई सुरक्षा कर्मियों को डांट भी लगाई। तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को शहर के पंडित जेएन डिग्री कॉलेज, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, जीजीआईसी आदि केंद्रों में सुरक्षा के लिए भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
प्रथम पाली में पंजीकृत 3648 परीक्षार्थियों में 976 अनुपस्थित रहे। जबकि 2674 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में तीन से पांच बजे के बीच पंजीकृत 3648 अभ्यर्थियों में 2685 ने परीक्षा दी और 963 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी अमित आसेरी व एसपी पलाश बंसल सहित सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक, एएसपी शिवराज ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। तिंदवारा इंटर मीडियट कॉलेज एवं खानकाह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों में इधर-उधर, घूम रहे सुरक्षा कर्मियों को एसपी ने फटकार लगाई। निरीक्षण में अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्र व्यवस्थापकों को शत-प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। उधर, भीषण गर्मी व लू ने परीक्षार्थियों की जमकर परीक्षा ली। दूर-दराज जनपदों से आईं महिला अभ्यर्थियों की गर्मी में हालत खराब हुई। साथ में बोतल में पानी लाईं, पर वह गर्म हो गया। शीतल जल के लिए केंद्रों के बाहर वह भटकती रहीं। दोपहर में चिलचिलाती धूप में परीक्षार्थी रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे तो यहां करीब एक घंटे तक भीषण जाम का सामना करना पड़ा।


