Banda News: बांदा मिनी ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों को हुआ सम्मान
Banda News: बांदा मिनी ओलंपिक का पहला चरण शनिवार को संपन्न हुआ। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कबड्डी के फाइनल में जेएन योद्धा ने जेएन कॉलेज को हराया। आयोजन में कई खेलों के मुकाबले हुए, जिनमें खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की तालियां गूंजती रहीं।

Banda News: बांदा। बांदा मिनी ओलंपिक प्रथम चरण का शनिवार को समापन हो गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा के इंडोर हाल में देर शाम तक चले समारोह में विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी अमित आसेरी ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेलप्रेमी मौजूद रहे। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहकर खेल मैदान से जुड़ना चाहिए। खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाते, बल्कि मन को भी प्रसन्न रखते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। समापन समारोह में कबड्डी के फाइनल मुकाबले में जेएन योद्धा और जेएन कॉलेज के बीच हुए जोरदार मुकाबले में जेएन योद्धा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेएन कॉलेज को 40-26 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
रस्साकसी के महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। खिलाड़ियों के दमखम और जोरदार संघर्ष ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और पूरे इंडोर हाल में लगातार तालियां गूंजती रहीं। युगल बैडमिंटन में कृष्णा सिंह व दिपांशु मिश्रा विजेता रहे। बांदा मिनी ओलंपिक का शुभंकर पांडा अपने साथी भालू दादा के साथ इंडोर हाल में प्रवेश कर गया। शुभंकरों के मैदान में पहुंचते ही दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के नेतृत्व में विजेता वालीबाल सीनियर पुरुष वर्ग की बांदा स्टेडियम टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शूटिंग प्रतियोगिता में आरव, यशवंत द्विवेदी, श्रेया, नंदिनी, स्मृति और सुमित को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ओपन पुरुष कैटेगरी में डिप्टी लेबर कमिश्नर नासिर खान को भी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, आयोजन सचिव एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के महासचिव डा. इन्द्रवीर सिंह, सीडीओ अजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र व जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित वर्मा, समारोह में उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल रहे।

