Banda News: अतिक्रमण पर प्रशासन का बाजार में फिर चला चाबुक
Banda News: बांदा में सावन और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। अतिक्रमण से ग्राहकों को समस्या हो रही है, जिसके तहत शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाया। दुकानों के सामने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं।
Banda News: बांदा, संवाददाता। सावन, रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों को लेकर बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में सड़कों पर अतिक्रमण ग्राहकों की परेशानिया बढ़ा रहा है। शिकायत पर शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बाजार में अतिक्रमण हटवाया। करीब दस फुटपाथ व ठेला व्यवसायियों को दुकानों के सामने अतिक्रमण करने पर नोटिस दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिला तो एफआईआर दर्ज की जाएगी। शहर के बाजारों में दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे ठेले खड़े करने और फुटपाथ पर सब्जी व अन्य सामान लगाने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला और नगर पालिका ईओ श्रीचंद्र चौधरी ने टीम के साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। बलखंडी नाका से शुरू होकर महेश्वरी देवी मंदिर, मेन चौक, फूल वाली गली, शंकर गुरु चौराहा, सब्जी मंडी, न्यू मार्केट होते हुए रामलीला मैदान तक अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान दुकानों के सामने ठेले खड़े मिलने पर संबंधित दस दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, अतिक्रमण करने वाले कुछ लोगों के चालान भी किए गए। प्रशासन ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ अथवा सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
वन-वे का पालन न होने पर ई-रिक्शा बनते जाम की वजह
बांदा। बाजार में जाम का सबसे बड़ा कारण बेतरतीब दौड़ते ई-रिक्शा हैं। पिछले वर्ष प्रशासन ने बाजार में वन-वे व्यवस्था शुरू की थी और लोगों को जाम से निजात मिली थी,लेकिन यह व्यवस्था एक माह भी नहीं चल सकी। छावनी चौराहा,कोतवाली रोड, चौक, सब्जी मंडी में दुकानदारों के अतिक्रमण और ई-रिक्शा घुसने से लोग पैदल तक नहीं निकल पाते। प्रशासन ने बाजार से अतिक्रमण करने वाले गरीब दुकानदारों को तो खदेड़ दिया, पर इन ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर कोई अंकुश नहीं है।
वर्जन-
-त्योहारों में बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ती है और जाम लगता है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जाम की समस्या से निपटने के लिए फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
-हेमंत प्रसाद, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, नगर पालिका, बांदा


