आरोग्य मेलों में अव्यवस्थाएं हावी, गिने-चुने पहुंचे मरीज
Banda News - बांदा में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में रविवार को मरीजों की भीड़ नदारद रही। कई स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर नहीं आए, जिससे मरीजों को इलाज नहीं मिल सका। गर्मी में दूर-दराज से आए मरीजों के लिए पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। मेले में बुखार, डायरिया और उल्टी-दस्त के मरीज आए, लेकिन सही इलाज नहीं हो सका।
बांदा। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की भीड़ नदारद रही। डाक्टरों के न पहुंचने पर कहीं लैब टैक्नीशिनयन ने इलाज किय तो कहीं डाक्टर बैठे रहे, पर मरीज नहीं आए। बदलते मौसम में जो भी मरीज मेलों में पहुंचे, उनमें ज्यादतर उल्टी-दस्त, डायरिया व बुखार से पीड़ित रहे। जांच व इलाज के बाद मरीजों को दवाएं दीं। आपके अपने हिन्दुस्तान अखबर ने रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की पड़ताल की। मरीजों ने बताया कि भीषण गर्मी व धूप में दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए अस्पतालों में ठंडे पानी तक के इंतजाम नहीं हैं। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तो दो बजे के पहले ही ताले लटक गए। डाक्टर व कर्मचारी नदारद हो गए।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज
बदौसा। फतेहगंज में संचालित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में डाक्टर नदारद मिले। यहां इक्का-दुक्का बुखार, डायरिया व सर्दी जुकाम के मरीज आते रहे। लैब टैक्नीशिय विक्रम डाक्टर की बगल वाली कुर्सी में बैठकर मरीजो के लक्षण पूछ कर दवाएं देते रहे। उन्होंने बताया कि आरोग्य मेला में डॉ. नागेंद्र शुक्ला की ड्यूटी है, पर वह नाइट ड्यूटी सीएचसी में रहे हैं। इसलिए नहीं आ पाए। मेले में विक्रम के साथ वार्ड ब्वाय रविंद्र व सुनील भी उपस्थित मिले। स्वीपर न होने के कारण अस्पताल में चारों तरफ गंदगी दिखी। पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं दिखी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवारा
पैलानी क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवारा में रविवार को आरोग्य मेले में मरीज न होने से वीरानगी जैसी नजर आई। चिकित्साधिकारी डॉ. सुमन देवी मौके पर मिलीं। उन्होंने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण व इलाज किया। फार्मासिस्ट महेन्द्र सिंह, उत्तम एवं लैब टेक्नीशियन अखिलेश सिंह गौतम मरीजों को दवाएं देते रहे। पूरे आरोग्य मेले में सिर्फ 15 मरीज आए। इलाज कराने आई चंदवारा की कस्तूरी देवी ने बताया कि बुखार है। डाक्टर ने देखकर दवाए दी हैं। पिछले मेले में भी आए थे, पर सरकारी दवाओं से कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सिंधनकला
पैलानी क्षेत्र के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधन कला में रविवार को जन आरोग्य मेले की पड़ताल में मरीज कम दिखे। मौके पर चिकित्साधिकारी डॉ. शशि सिंह चौहान, फार्मासिस्ट प्रदीप सिंह तथा लैब टेक्नीशियन अभिषेक कुशवाहा मरीजों का इंतजार करते नजर आए। मेले में पर्यवेक्षण के लिए बीपीएम स्वप्निल गुप्ता भी मौजूद रहीं। बताया कि में 24 मरीजों की जांच व इलाज किया गया है। ज्यादार बुखार व डायरिया के मरीज रहे। मरीजों को मौसम को देखते हुए हलका भोजन व दिनचर्या नियमित करने की सलाह दी गई है। उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गड़रिया में 16 मरीज पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुर अवस्थी ने इलाज किया। फार्मासिस्ट सोगेन्द्र सिंह एवं लैब टेक्नीशियन विवेक त्रिपाठी मौजूद रहे।
-मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला शासन की प्राथमिकता में हैं। मरीजों को बेहतर इलाज किया जा रहा है। जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां के चिकित्साधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ.विजेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी, बांदा
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


