
एसआईआर: 52 प्रतिशत हुई फीडिंग, अधिकारी व कर्मचारियों का अवकाश रद्द
Banda News - बांदा। संवाददाता जिले में एसआईआर अभियान काफी सुस्त है, अभी तक महज 52 प्रतिशत
बांदा। संवाददाता जिले में एसआईआर अभियान काफी सुस्त है, अभी तक महज 52 प्रतिशत ही फीडिंग हो सकी है।धीमी रफ्तार के कारण इस कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। जनपद में अब तक मात्र 52 प्रतिशत फार्म ही जमा हो पाए हैं, जबकि अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित है। किसानों का खेतों में व्यस्त होना और मजदूरों का बाहर काम पर जाना, शहर व कस्बों में मतदाताओं का एक ही घर में तीन-तीन जगह नाम होना बीएलओ के लिए चुनौती बन रहा है। कई घरों में लोग न मिलने के कारण कार्य अटक रहा है।
वहीं कुछ बीएलओ केवल प्रपत्र बांटकर लौट आ रहे हैं, जिससे लोगों को कॉलम भरने में परेशानी हो रही है। निर्वाचन विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि चारों विधानसभाओं में लगभग 13,28,339 मतदाता पंजीकृत हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में 13,09,009 मतदाता थे। एसआईआर में ऐसे मतदाताओं को शामिल करने और बाहरी व मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने तथा नाम आदि संशोधन के लिए चार दिसंबर तक एसआईआर के माध्यम से संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया है। सभी तहसीलों में रात-दिन फीडिंग का काम चल रहा है। वहीं बीएलओ का कहना है कि राजनैतिक दलों के बीएलए फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं। यदि वह शहर व कस्बा क्षेत्रों में सहयोग करें तो किसी पात्र का नाम सूची से नहीं कटेगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को बिना अनुमति के अवकाश देय नहीं है। अब तक 52 प्रतिशत फीडिंग हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




