अध्यक्ष के काफिले में चल रहे वाहन पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे
Banda News - बांदा, संवाददाता। लखनऊ जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के काफिले में आगे चल रहे

बांदा, संवाददाता। लखनऊ जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के काफिले में आगे चल रहे वाहन पर भारी-भरकम पेड़ गिर गया। इस हादसे में वह बाल-बाल बच गए। बुधवार को उन्होंने एसपी व डीआईजी को प्रार्थनापत्र देकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने व मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की। कहा कि यह सामान्य घटना नहीं है,उन्हें मारने की साजिश थी। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल ने बताया कि वह मंगलवार की रात करीब सवा नौ बजे कार्यालय से निकले और लखनऊ जा रहे थे। उनके काफिले में तीन वाहन थे। बबेरू के हरदौली गांव के पास कैनाल रोड पर उनके काफिले की आगे चल रही स्कार्पियों में सड़क किनारे से बबूल का एक पड़ा पेड़ गिरा, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।
उनका वाहन उसके पीछे था। वह इसमें बाल-बाल बच गए। बताया कि जान बूझकर इलेक्ट्रानिक चैन मशीन से काटकर पेड़ को वाहन के ऊपर गिराया गया है। कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित आपराधिक साजिश थी। अध्यक्ष श्री पटेल ने बताया कि उनका वाहन कुछ दूरी पर पीछे होने के कारण उनकी जान बच गई। उन्होंने इस घटना को केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला न बताते हुए जनपद की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला बताया। कहा कि इससे पूर्व पांच मार्च को उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की थी,लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। डीआईजी सहित अन्य उच्चाधिकारियों से उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने,विशेष जांच टीम (एसआईटी)गठित कर निष्पक्ष जांच कराने तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बढ़ाए जाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




