
छांगुर के गुनाहों की सजा 12 वर्ष से भुगत रही महिला
Balrampur News - बलरामपुर की शीला ने 12 वर्षों से धर्मान्तरण के आरोपी छांगुर के खिलाफ न्याय की मांग की है। उसके पति 2013 में लापता हो गए थे और आरोप है कि छांगुर ने उसे इस्लाम कबूल करने के लिए दबाव डाला। महिला अपने...
बलरामपुर, संवाददाता। धर्मान्तरण के आरोपी छांगुर के गुनाहों की सजा भुगत रही महिला पिछले 12 वर्षों से न्याय के लिए भटक रही है। एसटीएफ व स्थानीय पुलिस उसका बयान दर्ज कर चुकी है। बावजूद इसके उसे न्याय नहीं मिल रहा है। पूरे प्रकरण को लेकर पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। तहसील तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम लक्षमनपुर रमवापुर गांव निवासिनी शीला पत्नी स्व राजेन्द्र कुमार उर्फ बिन्नू ने मुख्यमंत्री को एक प्रार्थना-पत्र भेजा है। जिसमें उसने आरोप लगाया है कि वर्ष 2013 में उसके पति रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। वर्ष 2013 के पूर्व ही धर्मान्तरण के आरोपी छांगुर और उसके सहयोगी हारुन उसके घर आया करते थे।

पीड़िता का आरोप है कि छांगुर और हारुन ने उसके और उसके पति के ऊपर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाया करते थे। जब पीड़िता ने पति के साथ इस्लाम कबूल करने से इंकार कर दिया तो उसकी भूमि पर छांगुर गैंग के सदस्य हारुन ने कब्जा कर लिया। और उसके पति राजेन्द्र कुमार को लापता कर दिया, जिसका पता आज तक नहीं चला है। वह अपने बच्चों के साथ विधवा जीवन बिता रही है। महिला का कहना है कि छांगुर का सहयोगी हारुन पिछले कई वर्षों से उसे प्रताड़ित कर रहा है। साथ ही उसकी बेशकीमती जमीन पर कब्जा भी कर रखा है। वह लगातार धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव भी बना रहा है। पीड़िता नाबालिग बच्चों के साथ मेहनत मजदूरी कर किराए के मकान में रहकर जीवन यापन कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि कई बार उसने स्थानीय अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने यह भी बताया कि एक एफआईआर तुलसीपुर थाने में दर्ज हुई थी, जिस पर भी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए प्रार्थना-पत्र दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




