हैंडोवर के पूर्व फायर फाइटर प्लांट से टपकने लगा पानी, मरीजों को हो रही असुविधा
बलरामपुर के मेडिकल कॉलेज में फायर फाइटर प्लांट के पाइप से प्रसव कक्ष में पानी टपक रहा है, जिससे गंदगी फैल रही है। यह प्लांट अभी हैंडओवर नहीं हुआ है और अस्पताल प्रशासन ने मरम्मत के लिए संबंधित संस्था को सूचित किया है। मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और भ्रष्टाचार के आरोप भी उठ रहे हैं।

बलरामपुर, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज के अधीन संयुक्त जिला चिकित्सालय में लगाए गए फाइटर प्लांट के पाइप से प्रसव कक्ष में पानी टपकने लगा है। पानी टपकने से प्रसव कक्ष में पूरा दिन गंदगी फैली रहती है। जबकि अभी इसे हैंडोवर भी नहीं किया जा सका है। हैंडोवर के पूर्व ही फायर फाइटर प्लांट के पाइप लाइन की पोल खुल गई है, जिस पर तरह-तरह के प्रश्नचिन्ह लगाए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन सम्बन्धित संस्था को पत्र लिखने की बात कही है। अस्पताल में अग्नि सुरक्षा को लेकर फायर फाइटर प्लांट लगाया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि आग लगने के दौरान विपरीत परिस्थितियों से निपटा जा सके।
लेकिन बिछाई गई पाइप लाइन में भ्रष्टाचार की बू साफ देखने को मिल रही है। यही कारण है कि प्रसव कक्ष में फायर फाइटर प्लांट पाइप से पानी टपकने लगा है। इससे हर दिन प्रसूताओं को गंदगी व फिसलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यही स्थिति अस्पताल के वार्ड, लैब व ओटी सहित सभी कमरों में भी देखने को मिल रहा है। कर्मचारी प्लास्टिक का मग रखकर पानी फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। वार्ड में भर्ती प्रसूताओं ने बताया कि कई दिनों से पानी टपक रहा है, जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबिक कई अन्य लोगों ने इसे भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला बताया है। लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन के गलत रवैये के कारण इस महत्वपूर्ण कार्य में भी अनियमितताएं बरती गई हैं। अगर इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में इसका खामियाजा इसी तरह से मरीजों को भुगतना पड़ेगा। इस सम्बन्ध में अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ राज कुमार ने बताया कि फायर फाइटर प्लांट अभी हैंडओवर नहीं हुआ है। पाइप लाइन से पानी टपकने की सूचना मिली है। कार्यदायी संस्था को मरम्मत के लिए सूचित कर दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


