स्मार्ट लाइब्रेरी में घुसकर पिटाई व तोड़फोड़, पिस्तौल दिखाकर दी धमकी

हिन्दुस्तान, बलरामपुर
Follow us on Google News
share

बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक स्मार्ट लाइब्रेरी में युवक ने मारपीट की, अभद्रता की और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। पीड़ित अमरलाल यादव ने पुलिस में तहरीर दी। आरोपी ने छात्राओं के सामने अश्लील भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्मार्ट लाइब्रेरी में घुसकर पिटाई व तोड़फोड़, पिस्तौल दिखाकर दी धमकी

बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के सिटी पैलेस रोड स्थित एक स्मार्ट लाइब्रेरी में घुसकर मारपीट, अभद्रता और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने लाइब्रेरी संचालक के साथ मारपीट की, छात्राओं के सामने अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेला बेली केदारपुरवा निवासी पीड़ित अमरलाल यादव ने दी गई तहरीर में कहा है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के सिटी पैलेस रोड पर वह अमर आरके स्मार्ट लाइब्रेरी का संचालन करते हैं।

15 मई को दोपहर करीब एक बजे अमित सिंह उर्फ सुरेंद्र विक्रम सिंह पुत्र रवींद्र प्रताप सिंह जबरन लाइब्रेरी में घुस आया। वहां पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के सामने गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अमरलाल यादव को लात-घूंसों व थप्पड़ों से पिटाई की। आरोपी ने पीड़ित का गला दबाया, जिससे उन्हें चोटें आईं और मुंह से खून निकलने लगा। घटना के दौरान पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के सामने भी आरोपी ने दोबारा मारपीट और हंगामा किया। इससे लाइब्रेरी में मौजूद छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने की नीयत से लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए तथा अटेंडेंस रजिस्टर फाड़ डाला। जाते समय आरोपी ने कथित रूप से पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी भी दिया। पीड़ित का कहना है कि घटना से संबंधित कुछ वीडियो और फोटो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। गवाहों में मनदीप, आलोक यादव, दीपनरायन, मिंटू यादव, मुरली, वीरेंद्र कुमार, शिवम तिवारी व मनीष मिश्र के नाम बताए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में दहशत व नाराजगी का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।