Balrampur News: बछड़ा चराने के विवाद में युवती को घर से खींचकर पीटा, चार पर मुकदमा
Balrampur News: बलरामपुर के विशुनपुर कला गांव में बछड़ा चराने के विवाद पर हिंसा हुई। एक युवती को कोटेदार के घर से खींचकर लाठी-डंडों से पीटा गया। शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। गैंसड़ी कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुर कला गांव में बछड़ा चराने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवती को कोटेदार के घर से कथित तौर पर जबरन खींचकर लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी गायत्री पुत्री रामजियावन ने तहरीर में बताया कि उसका बछड़ा श्यामसुन्दर के खेत में चला गया था। इसी बात को लेकर गांव के पाटेश्वरी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि जान बचाने के लिए वह गांव के कोटेदार भूपाल के घर में चली गई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। उन्होंने उसे घर से खींचकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर विशुनपुर कला निवासी पाटेश्वरी पुत्र लखराज, श्याम पुत्र लखराज, मन्ना देवी पत्नी महिपाल तथा इन्द्रवती पुत्री महिपाल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


