सिलेंडर विवाद में दुकानदार परिवार और बुजुर्ग पुजारी को पीटा
बलरामपुर के हरिहरगंज बाजार में गैस सिलेंडर को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चार भाइयों ने दुकानदार उर्मिला और उनके परिवार पर हमला किया। उर्मिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। देहात कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज बाजार में गैस सिलेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि चार सगे भाइयों ने एक दुकानदार परिवार व बुजुर्ग पुजारी की पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ग्राम हरिहरगंज बाजार निवासी उर्मिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 मई को वह अपनी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान क्षेत्र के चार युवक उनके घर और दुकान पर पहुंचे तथा गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों का कहना था कि उर्मिला के पति सत्यदेव गुप्त ने उनकी पासबुक के बदले गैस सिलेंडर रख लिया है।
जब उर्मिला ने यह सवाल किया कि बिना ओटीपी के सिलेंडर कैसे लिया जा सकता है, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और विवाद बढ़ गया। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने उर्मिला के ससुर और मंदिर के पुजारी बोरिलाल को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि चारों ने उन्हें लात-घूसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। घटना के दौरान जब उर्मिला का बेटा शिवा अपने दादा को बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उर्मिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में स्वर्गीय जलील इदरीशी के चार पुत्रों अर्शद अली, हैदर अली, मोहम्मद अली व अख्तर अली को नामजद किया है। पीड़िता ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


