ई-रिक्शा छूने के विवाद में चाय दुकानदार और बुजुर्ग पिता पर हमला, चार नामजद
बलरामपुर के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रेण्डवलिया बाजार में ई-रिक्शा के हल्के स्पर्श को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रेण्डवलिया बाजार में ई-रिक्शा के हल्के स्पर्श को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने चाय दुकानदार और उनके बुजुर्ग पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम छपिया पूरे रेण्डवलिया निवासी दीनानाथ वर्मा रेण्डवलिया बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के सामने चाय की दुकान चलाते हैं। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान उतरौला से रेहरा बाजार की ओर जा रहा एक ई-रिक्शा उन्हें छूते हुए निकल गया। इस पर उन्होंने चालक से विरोध जताया तो कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद का विस्तार
आरोप है कि ई-रिक्शा चालक कुछ देर बाद अपने परिजनों और साथियों को बुलाकर मौके पर पहुंच गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दीनानाथ पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बुजुर्ग पिता मंशाराम वर्मा को भी नहीं बख्शा गया। आरोपियों ने दोनों को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की तहरीर पर रेहरा बाजार पुलिस ने मोहम्मद सोनू, मोहम्मद उसमान, रहवर रजा तथा अजीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। घटना की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


