Balrampur News: खेत में धान की रोपाई का विरोध करने पर दो महिलाओं को पीटा
Balrampur News: उतरौला के ग्राम किलौली में धान की जबरन रोपाई का विरोध करने पर चार भाइयों ने दो महिलाओं के साथ मारपीट की। महिलाओं ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Balrampur News: उतरौला, संवाददाता। कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम किलौली में खेत में जबरन धान की रोपाई का विरोध करना दो महिलाओं को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर चार सगे भाइयों ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची दूसरी महिला को भी नहीं बख्शा गया। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम किलौली निवासी कोयला पत्नी भदई ने तहरीर देकर बताया कि 30 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे गांव के ही कुन्नन, लालमन, लवकुश और राहुल, सभी पुत्र राम छबीले, कथित रूप से उसके खेत में जबरन धान की रोपाई कर रहे थे।
जब उसने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी आक्रोशित हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर उसकी परिजन महिनका पत्नी भदई मौके पर पहुंचीं और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि चारों आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कुन्नन, लालमन, लवकुश व राहुल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घायल महिलाओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


