Balrampur News: पड़ोसियों के हमले में 60 वर्षीय व्यक्ति का हाथ टूटा, कोर्ट के आदेश पर पांच पर केस
Balrampur News: बलरामपुर में एक 60 वर्षीय व्यक्ति पर पुरानी रंजिश और सीमा विवाद को लेकर पड़ोसियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। पीड़ित प्रेम नारायण का हाथ टूट गया और उन्हें गंभीर चोट आई। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर वह न्यायालय की शरण में गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चारों काफरी गांव में पुरानी रंजिश और सीमा विवाद को लेकर एक 60 वर्षीय व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में प्रेम नारायण का हाथ टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर में घुसकर हमला करने का आरोप
पीड़ित की आपबीती
पीड़ित प्रेम नारायण के अनुसार, 24 जुलाई की दोपहर वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग एक राय होकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में उनका हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर हालत में केजीएमयू किया गया रेफर
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्रेम नारायण को लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक उन्हें केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां 30 जुलाई को सीटी स्कैन समेत अन्य जांच और इलाज शुरू हुआ। परिजनों का कहना है कि चोट गंभीर होने के कारण पीड़ित को चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है।
एसपी को शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचे पीड़ित
पीड़ित का आरोप है कि घटना के संबंध में छह अगस्त को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली देहात पुलिस ने शांति देवी, पवन कुमार, शिवम, सोनू और राखी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस कार्रवाई की जानकारी
प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


