गैस सिलेंडर न मिलने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को भेजी शिकायत
Balrampur News - बलरामपुर जिले के ललिया क्षेत्र में ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर की कमी के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित गैस आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गैस एजेंसी के संचालक ने कहा कि आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन जल्द ही समस्या का समाधान होगा।
बलरामपुर, संवाददाता। जिले के थाना ललिया क्षेत्र अंतर्गत मां मैहर भारत गैस एजेंसी,मथुरा बाजार पर गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पंजीकृत डाक से शिकायती पत्र भेजकर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में गोविंद पाठक, विनोद आर्य, संदीप कुमार, जगदीश पासवान, दिनेश कुमार, अरविंद अवस्थी, अतुल कुमार, विमल कुमार, उमेश कुमार, सावित्री देवी, मित्रसेन मिश्र, अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण शामिल हैं। इनका आरोप है कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लंबे समय से नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
एजेंसी पर खाली सिलेंडर जमा कराने के बावजूद भरे सिलेंडर समय पर वापस नहीं मिल रहे हैं। गैस की आपूर्ति समय पर नहीं होने के कारण भोजन बनाने सहित दैनिक घरेलू कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि मथुरा बाजार से ललिया के पास स्थित गैस गोदाम की दूरी लगभग दस किलोमीटर है। इतनी दूर जाने के बावजूद भी समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके अतिरिक्त बीते एक माह से आसपास के अन्य गैस विक्रेताओं द्वारा भी सिलेंडर देना पूरी तरह बंद कर दिया गया है। जिससे समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। मजबूरी में कई उपभोक्ताओं को वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी पड़ रही है, जिसके चलते घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।इस संबंध में मां मैहर भारत गैस एजेंसी के संचालक अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि निजी एवं तकनीकी कारणों से बीते कुछ समय से गैस की आपूर्ति प्रभावित रही है।जिसके चलते उपभोक्ताओं को असुविधा हुई है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा जाँच की जा चुकी है तथा नियमानुसार गैस की माँग कर दी गई है। बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को शीघ्र गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया है।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा कि मामले की विधिवत जाँच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


