ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार, विकास में तेजी लाने का लिया संकल्प
विकास खंड हरैया के शिवपुरा में ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। पंचायत चुनाव नहीं होने पर वर्तमान प्रधानों को कार्य जारी रखने की अनुमति के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने ग्रामीण विकास में प्रधानों की भूमिका पर जोर दिया।

ललिया, संवाददाता। विकास खंड हरैया सतघरवा मुख्यालय शिवपुरा स्थित ब्लॉक सभागार में आयोजित धन्यवाद प्रस्ताव कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पंचायत चुनाव संवैधानिक कारणों से समय पर न हो पाने की स्थिति में वर्तमान ग्राम प्रधानों को पूर्ववत कार्य करने की अनुमति दिए जाने संबंधी शासनादेश के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्राम प्रधान ग्रामीण विकास व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके सहयोग से ही सरकार की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने सभी प्रधानों से विकास कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कराने की अपील की, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके। ब्लॉक प्रमुख अविरल सिंह ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से गांवों में चल रहे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान शिव प्रसाद यादव, जन्मेजय सिंह, राघव राम पाण्डेय, राहुल तिवारी, अरविन्द अवस्थी, संतोष वर्मा, रेवती रमण तिवारी, ओम प्रकाश शुक्ल सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


