Balrampur News: मानदेय न बढ़ने से आशा कार्यकर्त्रियों में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन
Balrampur News: उतरौला में मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आशा कार्यकर्त्रियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन के बैनर तले ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमारी के नेतृत्व में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्त्रियों ने कहा कि टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और प्रसव में सहयोग जैसी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें उचित मानदेय नहीं मिलता और नियमित भी नहीं किया गया है।

Balrampur News: उतरौला, संवाददाता। मानदेय में बढ़ोतरी न होने से नाराज आशा कार्यकर्त्रियों ने सोमवार को आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन के बैनर तले कर्मियों ने जमकर आंदोलन किया। प्रदर्शन के बाद ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमारी के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की मांग शासन तक पहुंचाने की अपील की। संगठन ने ज्ञापन में कहा कि आशा कार्यकर्त्रियां कई वर्षों से जनसेवा में जुटी हैं। टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव में सहयोग और नवजात शिशुओं की देखरेख जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें उचित मानदेय नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्हें अब तक नियमित भी नहीं किया गया है।
आशा कार्यकर्त्रियों का कहना है कि शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और पंचायत सहायकों के साथ अन्य कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे उनमें नाराजगी है। संगठन ने मांग की कि आशाओं के मानदेय में उचित बढ़ोतरी के लिए उनका ज्ञापन शासन को भेजा जाए। ज्ञापन की प्रतियां जिला और प्रदेश पदाधिकारियों को भी भेजी गई हैं। इस दौरान सुमन यादव, प्रीति, कैफिया परवीन, चंद्रकांता पाठक, कुसमा देवी, सुशीला और मंजू देवी समेत दर्जनों आशा कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।

