जमीनी रंजिश में फरसा-कुल्हाड़ी से दो भाइयों पर जानलेवा हमला, लखनऊ रेफर

हिन्दुस्तान, बलरामपुर
Follow us on Google News
share

बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के जयनगरा नारायणपुर गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों पर फरसा व कुल्हाड़ी से जान

जमीनी रंजिश में फरसा-कुल्हाड़ी से दो भाइयों पर जानलेवा हमला, लखनऊ रेफर

बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के जयनगरा नारायणपुर गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों पर फरसा व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों घायलों की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसे लेकर पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।

खूनी वारदात के बाद गांव में भय व तनाव का माहौल है। पीड़िता मीना देवी पत्नी मुन्नालाल की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार शाम करीब सात बजे उनके पति मुन्नालाल व देवर संतराम खेत से काम कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि बगीचे के पास पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने पुरानी जमीनी रंजिश के चलते दोनों भाइयों को रोक कर अचानक हमला बोल दिया। आरोपी सहजराम ने मुन्नालाल के सिर पर फरसे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। उनके सिर में गहरी चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। इसी दौरान साहेबराम ने संतराम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर व हाथ में गंभीर चोटें आईं। दोनों भाई जान बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। शोर सुनकर जब मीना देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो विपक्षियों ने उन्हें भी लाठी-डंडों, लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया। घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों भाइयों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि मीना देवी की तहरीर के आधार पर सहजराम, हरिश्चंद, साहेबराम, लवकुश व सहजराम की पत्नी नाम अज्ञात समेत पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।