तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो भाइयों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर
बलरामपुर में महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के नेवाजपुर गांव के दो सगे भाई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बलरामपुर, संवाददाता। महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम नेवाजपुर निवासी मंगरे राम व उनके भाई अजय कुमार 28 मई की शाम करीब 6:30 बजे बाइक से अपनी बहन के घर जा रहे थे। चैपुरवा गांव के पास पहुंचने पर बलरामपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बहराइच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल युवकों के भाई हनुमान प्रसाद ने मामले की लिखित शिकायत महाराजगंज तराई थाने में दी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


