सड़क हादसों मासूम के साथ छात्र की मौत
Balrampur News - बलरामपुर में सोमवार को दो सड़क हादसों में एक युवक और एक मासूम बालिका की मौत हो गई। पिपरी कोल्हुई के पास बाइक और सीएनजी कार की टक्कर में 20 वर्षीय रास मोहम्मद की मौके पर मौत हो गई, जबकि ललिया थाना क्षेत्र में चार वर्षीय शायना अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक मासूम बालिका की मौत हो गई। श्रीदत्तगंज क्षेत्र के पिपरी कोल्हुई के पास उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर बाइक और सीएनजी कार की आमने-सामने टक्कर में पचौथा निवासी 20 वर्षीय रास मोहम्मद उर्फ पापा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन काफी दूर तक घिसटते चले गए। जिसके चलते कार में आग लग गई। वहीं ललिया थाना क्षेत्र के बहादुरगंज बाजार में घर के पास खेल रही चार वर्षीय शायना अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है。
युवक की दर्दनाक मौत
श्रीदत्तगंज संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम पिपरी कोल्हुई के पास बाइक और सीएनजी कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई और दोनों वाहन करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए आगे बढ़ गए। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय रास मोहम्मद उर्फ पापा पुत्र आस मोहम्मद निवासी ग्राम पचौथा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रास मोहम्मद ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी और सोमवार को किसी कार्य से बाइक से श्रीदत्तगंज जा रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर की ओर से आ रही सीएनजी कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों पर चालक नियंत्रण नहीं रख सके और वे सड़क किनारे तक घिसटते चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि कार में आग लग गई और धू-धूकर जलने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। युवक की असमय मौत से पचौथा गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टक्कर के बाद कार में लगी आग
टक्कर के बाद कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी: हादसे के बाद सीएनजी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही क्षण बाद तेज धमाके के साथ कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे वाहन को अपनी चपेट में लेने लगीं। सड़क पर गुजर रहे लोग और आसपास मौजूद ग्रामीण भयभीत होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कुछ लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की भयावहता का अंदाजा उसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ समय तक कोई भी व्यक्ति वाहन के नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास मौजूद अन्य वाहन और लोग भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद लंबे समय तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
बिजली आपूर्ति भी हुई प्रभावित
33 केवी पोल क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति भी हुई प्रभावित: भीषण सड़क हादसे का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। दुर्घटना के दौरान अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे स्थित 33 केवी विद्युत पोल से टकरा गए, जिससे पोल क्षतिग्रस्त हो गया। पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन को सुरक्षित करते हुए मरम्मत कार्य शुरू कराया। पुलिस, दमकल और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


