
तेज रफ्तार बाइक डीसीएम में घुसी, दो युवकों की मौत
Balrampur News - बलरामपुर में शनिवार रात को एक तेज रफ्तार बाइक डीसीएम से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक श्रावस्ती घूमने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर-श्रावस्ती बौद्ध परिपथ पर घूघुलपुर के पास शनिवार की रात को तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही डीसीएम से में घुस गई। हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मौत होने की पुष्टि की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रविवार को एक साथ गांव में दोनों युवकों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया तो हर किसी की आंखे भर आईं।
कोतवाली देहता क्षेत्र के ग्राम भीखमपुर निवासी 20 वर्षीय हस्साम पुत्र रिजवान व 25 वर्षीय शादाब पुत्र रियाज अहमद बाइक से श्रावस्ती घूमने के लिए गए हुए थे। रात को घूमकर दोनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे। कोतवाली देहात क्षेत्र के घूघुलपुर के पेट्रोलपंप के पास बलरामपुर की ओर से आ रही डीसीएम में बाइक सीधे घुस गई। हादसा होते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। पंप पर मौजूद कर्मियों ने हादसे की सूचना कोतवाली को दी। कल्ला भट्ठा पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। डीसीएम में फंसे दोनों बाइक सवारों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई। रविवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। शव पहुंचने पर पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए। कोतवाली गिरिजेश तिवारी ने बताया कि नियमों की अनदेखी की वजह से हादसा हुआ है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पेड़ से टकराई कार,सवार छह लोग हुए घायल : हर्रैया सतघरवा संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के हर्रैया तुलसीपुर मार्ग पर परसपुर गांव के समीप अनियंत्रित कार पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। कार में सवार चंदू गुप्ता 45 वर्ष रजनी गुप्ता 28 वर्ष, निशा गुप्ता 22 वर्ष, मनीष कुमार,व दो बच्चे चोटिल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल बलरामपुर के लिए रेफर कर दिया गया। मनीष कुमार के सिर में अधिक चोट होने के कारण ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से कार पेड़ से टकराकर पलट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




