Balrampur News: यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला अभियान, 212 वाहनों का चालान हुआ
Balrampur News: बलरामपुर में यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में 212 वाहनों का चालान किया गया और कुल 6.54 लाख रुपये के समन जारी किए गए।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में यातायात पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गुरुवार को जिले में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चला।
सीडीओ हिमांशु गुप्त, एएसपी विशाल पांडेय, एआरटीओ बृजेश यादव, सीओ यातायात वीरसेन सिंह की मौजूदगी में प्रभारी यातायात उमेश सिंह ने टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की। टीम ने नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान वाहन चालकों, राहगीरों, व्यापारियों व आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। वहीं, अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करे तो दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, गलत दिशा में वाहन संचालन से बचने, ओवरलोडिंग नहीं करने व सभी यातायात संकेतकों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों व परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि जनपद में सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित हो सके। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन चलाने, फर्जी नंबर प्लेट, एचएसआरपी नंबर प्लेट न लगाने, मॉडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात के अशोक कुमार पांडेय, संजय कुमार राय व राजाराम यादव की टीम ने 212 वाहनों का चालान करते हुए 6.54 लाख रुपये के समन जारी किए।


