Balrampur News: नाला तोड़ने की कार्रवाई से बढ़ी मुसीबत, नई बस्ती के कई घरों में घुसा पानी
Balrampur News: तुलसीपुर, संवाददाता। आदर्श नगर पंचायत तुलसीपुर के वार्ड संख्या-3 नई बस्ती में जलभराव की समस्या

Balrampur News: तुलसीपुर, संवाददाता। आदर्श नगर पंचायत तुलसीपुर के वार्ड संख्या-3 नई बस्ती में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए की गई नगर पंचायत की कार्रवाई लोगों के लिए नई परेशानी बन गई। रविवार रात करीब आठ बजे नगर पंचायत की जेसीबी ने नाले की दीवार तोड़ दी, जिसके बाद पानी का रुख आबादी की ओर हो गया और कई घरों में पानी भर गया। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। वार्ड निवासी हफीजुल्लाह राइनी, सलमान व शाहिद ने आरोप लगाया कि बिना उचित निकासी व्यवस्था किए नाला तोड़ दिया गया। मोहम्मद सलीम ने बताया कि पानी उनके मकान के बेसमेंट तक पहुंच चुका है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो घर जलमग्न हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला तोड़ने से समस्या का समाधान नहीं होगा, क्योंकि आगे की जमीनों पर लोगों ने फाउंडेशन भर रखा है। ऐसे में पानी की निकासी संभव नहीं है और वह मोहल्ले में ही जमा रहेगा। इससे जलभराव, संक्रामक बीमारियों और मकानों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। सभासद मोहम्मद लाईक ने बताया कि घरों में पानी भरने की सूचना पर नगर पंचायत प्रशासन ने उन्हें मौके पर बुलाया था, जिसके बाद नाले की दीवार तोड़ी गई। यदि आगे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है तो इसकी जानकारी दोबारा प्रशासन को देकर स्थायी समाधान की मांग की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


