बलरामपुर फाइल नम्बर-8, पांच खबरें
Balrampur News - बलरामपुर फाइल नम्बर-8, पांच खबरें संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की हुई मौत, जांच में

बलरामपुर फाइल नम्बर-8, पांच खबरें संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस वारदात परिजनों ने एक महिला पर जहर देकर हत्या करने का लगाया आरोप प्रेमी चिकित्सक से मिलकर सम्पत्ति हड़पने की रची गई साजिश रेहरा बाजार, संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिरौली बुजुर्ग के कोटिया मजरे निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि उसे एक महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर जहर दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को तहरीर मिली है, जिस पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अहिरौली बुजुर्ग कोटिया गांव निवासी आशीष सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मृतक के चचेरे भाई गणेश प्रताप सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक महिला जिसका गोंडा के दंत चिकित्सक से अवैध संबन्ध था, जिसके जरिये सम्पत्ति को हड़पने की साजिश रची गई। 11 जनवरी को सुबह करीब 8:30 बजे उसे विषाक्त पदार्थ खिला दिया गया। जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल पीएचसी रेहरा ले गए, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर किया। लखनऊ के लोहिया अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष अपने पिता राम सिंह की इकलौता संतान था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब आशीष की मृत्यु से वृद्ध मां मंजू सिंह का सहारा छिन गया, वहीं तीन वर्षीय बेटे अंश प्रताप सिंह के सिर से पिता का साया उठ गया है। इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 24 जनवरी से एक फरवरी तक होंगी इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बलरामपुर संवाददाता। माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाएं वर्ष 2026 के लिए 24 जनवरी से एक फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस मृदुला आनंद ने बताया कि परीक्षाओं का आयोजन पूरी तरह सुचिता, पारदर्शिता और नकल-विहीन वातावरण में किया जाए। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज समय से प्राप्त कर लें तथा परीक्षकों की नियुक्ति और उनके विषयवार विवरण विद्यालयों को पूर्व में उपलब्ध करा दें। उन्होंने विद्यार्थियों की केंद्रवार सूची तैयार कर परीक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि देवीपाटन मंडल सहित बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा और बस्ती मंडल में परीक्षाएं निर्धारित तिथियों में संपन्न कराई जाएंगी। अधिक दर पर यूरिया बिक्री करने वाले विक्रेता का लाइसेंस निलंबित बलरामपुर। किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया उर्वरक उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं नियंत्रित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में यूरिया की कालाबाजारी और अधिक दर पर बिक्री के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यूरिया अधिक मूल्य पर यूरिया बिक्री करने वाले दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इसी क्रम में जनपद में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बिक्री की शिकायत प्राप्त होने पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। जिला कृषि अधिकारी द्वारा की गई जांच में मे. किसान सेवा केन्द्र, प्रो. रमेश यादव पुत्र तिलकराम यादव निवासी गुलरिहा अहरौली विकास खंड गैसड़ी द्वारा निर्धारित दर से अधिक दर पर यूरिया उर्वरक की बिक्री किए जाने के आरोप की पुष्टि हुई। जांच में दोषी पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण के तहत संबंधित विक्रेता का उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निलंबन आदेश के तहत विक्रेता को दुकान पर उपलब्ध शेष उर्वरक स्टॉक को सुरक्षित रखने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि विक्रेता के पास कोई अन्य उर्वरक स्टॉक उपलब्ध है, तो उसे उर्वरक नियंत्रण के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत करना होगा और 30 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना अनिवार्य होगा। जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी स्थिति में निर्धारित दर से अधिक पर उर्वरक की बिक्री न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। फोटो-19: केंद्रीय विद्यालय में मेधावियों को प्रमाण-पत्र देते गायत्री परिवार सदस्य भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के मेधावियों को मिला सम्मान बलरामपुर संवाददाता। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम गायत्री परिवार के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित किया गया। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जिला समन्वयक समिति के मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा ने बताया कि 7 नवंबर 2025 को जनपद के 150 केंद्रों पर यह परीक्षा संपन्न हुई थी। भारीतय संस्कृत ज्ञान परीक्षा में केंद्रीय विद्यालय बलरामपुर एवं गीता पब्लिक स्कूल के कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक के प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के वरिष्ठ सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा से विद्यार्थियों के अकादमिक स्तर और सांस्कृतिक ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। परीक्षा के सचिव शिव कुमार कश्यप ने बताया कि यह परीक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम के अंत में परीक्षा में सहयोग देने वाले विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षकों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। फोटो-20: पॉयनियर पब्लिक स्कूल में लोहड़ी कार्यक्रम के दौरान मौजूद बच्चे लोहड़ी व मकर संक्रांति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित बलरामपुर संवाददाता। पायनियर पब्लिक स्कूल में लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों पर्वों को हर्षोल्लास के साथ मनाया। विद्यालय परिसर में प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी एवं प्रधानाचार्य समरजीत सिंह नंदा ने अग्नि प्रज्वलित कर तिल, गुड़, रेवड़ी व मूंगफली का प्रसाद अर्पित किया। डॉ. तिवारी ने मकर संक्रांति को भारत का प्रमुख पर्व बताते हुए कहा कि यह पर्व भारत व नेपाल में विभिन्न रूपों में मनाया जाता है तथा इसका संबंध प्रकृति, ऋतु परिवर्तन और कृषि से है, जो मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने गंगा स्नान और दान को इस दिन अत्यंत शुभ बताया। प्रधानाचार्य समरजीत सिंह नंदा ने लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे पंजाब, हरियाणा व उत्तर भारत का प्रमुख पर्व बताया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में “सुंदर मुंदेरिया हो” पंजाबी गीत पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कला प्रतियोगिता में मेधावी सिंह, मरियम आबदीन, शिफा, श्रेया श्रीवास्तव और शशांक सिंह ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में शिखा पांडे, राघवेंद्र त्रिपाठी, उर्वशी शुक्ला, किरण मिश्रा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




