Balrampur News: आंगनबाड़ी केंद्र संचालन में लापरवाही पर कार्यकत्री की सेवा समाप्त
Balrampur News: बलरामपुर में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही के मामले में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने एक कार्यकत्री की सेवाएं समाप्त कर दीं। निरीक्षण में केंद्र की अनियमितताएं और संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह कार्रवाई की गई। डीएम ने सभी केंद्रों से बच्चों की सेवा समय पर सुनिश्चित करने की चेतावनी दी है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही अब भारी पड़ेगी। बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय से दिलाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण में अनियमितता मिलने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर विकासखंड बलरामपुर देहात के ग्राम भुसैलवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री रीता देवी की मानदेय आधारित सेवा समाप्त कर दी गई है। डीएम के आदेश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने 29 अगस्त को सेवा समाप्ति की कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ने पांच मई 2026 को भुसैलवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया था।
इस दौरान केंद्र का नियमित संचालन न किए जाने और बच्चों को मिलने वाला निर्धारित पोषाहार केंद्र के बजाय घर से वितरित किए जाने की स्थिति सामने आई थी। विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी लापरवाही पाई गई। प्रकरण में कार्यकत्री को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया और व्यक्तिगत सुनवाई भी की गई। उपलब्ध अभिलेखों और सुनवाई के बाद उनका जवाब संतोषजनक न मिलने पर डीएम के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सेवा समाप्ति की कार्रवाई की। डीएम ने स्पष्ट किया है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर खुलने चाहिए और बच्चों को पोषण व अन्य सेवाएं केंद्र पर ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।


