बिरयानी दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 10 किलो खराब लहसुन कराया नष्ट
Balrampur News - बलरामपुर में होली और रमजान के त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया। खाद्य विभाग ने चार चिकन बिरयानी दुकानों की जांच की, जिसमें सड़ी हुई लहसुन पाई गई। संबंधित दुकान से नमूने भी लिए गए हैं और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बलरामपुर संवाददाता। होली और रमजान के त्योहारों को देखते हुए जिले में मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने बलरामपुर नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार चिकन बिरयानी दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान ‘मेसर्स हैदराबादी चिकन बिरयानी’ दुकान में अनियमितताएं पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मौके पर लगभग 10 किलोग्राम सड़ा हुआ लहसुन मिला, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए तत्काल नष्ट करा दिया गया। विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पूर्व में प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
टीम ने संबंधित दुकान से चिकन बिरयानी के नमूने भी संग्रहित किए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य गिरिजेश कुमार दूबे के नेतृत्व में चले इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चन्द्र भानु, राम मौर्या और शंकर दयाल तिवारी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



