बकरियों पर टूटा आवारा कुत्तों का कहर, चार की मौत से पशुपालकों में दहशत
हर्रैया क्षेत्र के भुजेहरा, लछुआपुर और पूरनपुर गांवों में आवारा कुत्तों ने चार बकरियों को मार डाला और कई अन्य को घायल कर दिया। ग्रामीणों में भय व्याप्त है। विपक्षी आरोप है कि समस्या बढ़ रही है और सरकार से उचित मुआवजे और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।

हर्रैया सतघरवा, संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के भुजेहरा, लछुआपुर व पूरनपुर गांवों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने बकरियों पर हमला कर चार बकरियों को मार डाला, जबकि कई अन्य बकरियां घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र के बकरी पालकों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार भुजेहरा गांव निवासी मेवालाल, सफात, लल्लन, जुगुरा, गुल्लन सहित तमाम लोग अपनी बकरियों को गांव के पश्चिम स्थित चरागाह क्षेत्र में चराने गए थे। उनके साथ गांव की कुछ लड़कियां भी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान करीब चार आवारा कुत्तों का झुंड अचानक बकरियों पर टूट पड़ा।
कुत्तों ने बकरियों को दौड़ाकर हमला करना शुरू कर दिया। बकरियों की चीख-पुकार सुनकर चरवाहे उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक चार बकरियां कुत्तों के हमले में जान गंवा चुकी थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुत्तों ने चरवाहों को भी दौड़ा लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख सारे कुत्ते राप्ती मुख्य नहर की ओर भाग गए। ग्रामीण आनंद कुमार, सलमान, रवि, निब्बर व राधेश्याम ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पशुपालक सहित ग्रामीणों दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित पशुपालकों को उचित मुआवजा दिलाने के साथ आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलाबचंद ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


