Balrampur News: 173 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
Balrampur News: बलरामपुर के सीमावर्ती गांव लम्बीकोहल में एसएसबी की 9वीं वाहिनी ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। सहायक कमांडेंट डॉ. अरुण चौधरी ने 173 ग्रामीणों—65 पुरुषों, 56 महिलाओं और 52 बच्चों—का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें चिकित्सीय परामर्श और मुफ्त दवाएं दी गईं। ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित खानपान और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सोमवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 9वीं वाहिनी की ओर से सीमावर्ती वाइब्रेंट ग्राम लम्बीकोहल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट कुमुद रंजन के निर्देशन में किया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित हुए शिविर में सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. अरुण चौधरी ने कुल 173 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें 65 पुरुष, 56 महिलाएं और 52 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सक ने ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। इस दौरान ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, आसपास के वातावरण को साफ रखने और संतुलित खानपान के महत्व की जानकारी दी गई।
साथ ही विभिन्न बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में ग्राम प्रधान फूलचंद यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। एसएसबी की इस पहल से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुईं। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही सुरक्षा बल और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास एवं सौहार्द भी मजबूत होता है।

