युवक का शव पेड़ से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी
बलरामपुर के जोगिया कला गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान जयगुरुदेव यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह अवसाद से पीड़ित थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बलरामपुर ,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के ललिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयगुरुदेव यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुबह शौच के लिए गए बड़े भाई राम गोपाल यादव ने गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित एक बबूल के पेड़ से अपने छोटे भाई जयगुरुदेव का शव लटकता हुआ देखा। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गए और तत्काल परिजनों व आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद घटना की सूचना ललिया थाना पुलिस को दी गई।
परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम जयगुरुदेव ने परिवार के साथ भोजन किया था जिसके बाद सभी लोग सो गए थे। सुबह यह घटना सामने आने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक की वृद्ध माता श्यामा देवी भी गहरे सदमे में हैं। परिवार में तीन छोटे-छोटे बच्चों के भरण-पोषण की चिंता भी सामने आ रही है जिससे माहौल और अधिक भावुक हो गया है।सूचना पर पहुंची ललिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है तथा मृतक अवसाद से पीड़ित बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


