तेज तूफान का कहर : कई पेड़ धराशायी, ट्रांसफार्मर व पोल गिरे, बिजली व्यवस्था ठप
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में गुरुवार रात तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। कई क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई। बघेलखंड पेरा पुल के पास एक मकान की दीवार गिरने से लाखों का नुकसान हुआ। लोगों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है।
बलरामपुर,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में गुरुवार रात तेज आंधी-तूफान ने कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए, वहीं बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर भी धराशायी हो गए। इससे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जरवा कोतवाली के ठीक सामने स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कोइलाबास बेस कैंप तथा रामपुर वन विश्राम भवन के पास पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर अंधेरा छाया रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज तूफान के दौरान कई स्थानों पर सड़क मार्ग भी अवरुद्ध हो गए, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।
विद्युत विभाग की टीम शुक्रवार सुबह से आपूर्ति बहाल करने में जुटी रही।
पचपेड़वा संवाददाता के अनुसार बघेलखंड पेरा पुल के पास तेज आंधी के चलते विरंजन जायसवाल के नवनिर्मित मकान की लगभग 70 फुट लंबी दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज हवा के झोंकों के कारण दीवार अचानक धराशायी हो गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


