चार दिन बाद भी बेपटरी बिजली आपूर्ति, ग्रामीण परेशान
गौरा चौराहा में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण 100 से अधिक गांवों में चार दिन से बिजली सप्लाई ठप है। लाखों लोग परेशान हैं, पेयजल संकट गहरा गया है और गर्मी में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। व्यापारियों पर भी असर पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्दी बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।

गौरा चौराहा संवाददाता के अनुसार बीते सोमवार को तेज आंधी और बारिश के कारण बाधित हुई बिजली आपूर्ति चार दिन बाद भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। गौरा चौराहा स्थित मुडिला नौबस्ता विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 100 से अधिक गांवों में बिजली न आने से लाखों की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मथुरा, बेलासपुर, गोविन्दपुर, भोजपुर, पोखरा, सदवापुर, गुलरिहा, ईटई, इटवा, पिपरा, महुआ और जैतापुर सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। उमस भरी गर्मी में लोगों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं, वहीं मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली बाधित रहने से दुकानों और छोटे कारोबारों पर भी असर पड़ा है। जेई विजय महतव ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभों और टूटे तारों की मरम्मत तेजी से कराई जा रही है। कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल हो चुकी है तथा जल्द ही सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


