
दर्जनों हैंडपंप खराब, शुद्ध पेयजल को तरस रहे ग्रामीण
Balrampur News - सादुल्लाह नगर के विकास खंड रेहराबाजार की कई ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या है। ग्रामीणों को साफ पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश इंडिया मार्क-2 हैंडपंप खराब हैं और कुछ गंदा पानी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मरम्मत की मांग की है।
सादुल्लाह नगर, संवाददाता। विकास खंड रेहराबाजार की कई ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। रहमतपुर, मुबारकपुर, नथईपुर कुंवर, पिपरा ग्रिंट, कथरहा एवजपुर, जखौली, महुआ, जुवारा, भगवानपुर ग्रंट, विजयपुर ग्रंट, किशुनपुर ग्रंट, बूधीपुर, घोघरा, नव्वाकोल, बसावन बनकट, गोल्हीपुर, परसरामपुर सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों को पीने के साफ पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन गांवों में शुद्ध पेयजल का प्रमुख और कई स्थानों पर एकमात्र साधन इंडिया मार्क-2 हैंडपंप हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं। कई हैंडपंपों से पानी निकलता ही नहीं, जबकि कुछ से गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी निकल रहा है, जो पीने योग्य नहीं है।
ग्रामीण संकटा तिवारी, सेतु तिवारी, चंद्रभान तिवारी, रविकांत, इमरान, शोभाराम और दिलीप सहित अन्य लोगों ने बताया कि पंचायतों में लगे अधिकतर नल निष्क्रिय हैं। उनका आरोप है कि कागजों में हैंडपंपों की मरम्मत और रिबोर दिखा दी जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर वर्षों से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शुद्ध पेयजल के अभाव में ग्रामीणों को मजबूरी में दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है या दूषित पानी पीकर स्वास्थ्य जोखिम उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सभी हैंडपंपों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में एडीओ पंचायत रेहरा बाजार ने बताया कि खराब पड़े हैंडपंपों का जल्द ही रिबोर व मरम्मत कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




