हादसों में युवक की मौत, बालिका घायल
बलरामपुर में दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई और 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले हादसे में बाइक सवार शिवशंकर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जबकि दूसरे में तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को टक्कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं हादसे में 12 वर्षीय बालिका घायल हो गई है। अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए हैं। पुलिस छानबीन में जुटी है। वहीं मृतक का लखनऊ में पोस्टमार्टम कराया गया है। देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर निवासी रामापति देवी पत्नी स्व. सहजराम ने शनिवार को बताया कि मेरा 25 वर्षीय बेटा शिवशंकर अपनी बाइक से आवश्यक कार्य से ग्राम फत्तेजोत जा रहा था। रास्ते में ग्राम मझौवा मस्जिद के पास रात करीब 8.30 बजे अज्ञात वाहन चालक ने बेटे की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मेरा बेटा लहुलुहान हो गया। पुलिस ने मेरे बेटे को एंबुलेंस से लाकर संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद मेरे बेटे को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। बहराइच से बेटे को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। बेटे का 10 दिनों तक लखनऊ में इलाज चला, लेकिन वह नहीं बचा। मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाज के दौरान मेरे बेटे की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां रामावती का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों ने बताया कि पिता की मौत के बाद से शिवशंकर घर को संभाल रहा था। दुर्घटना ने परिवार का सहारा भी छीन लिया। शनिवार दोपहर तक शव जिले में नहीं पहुंचा था। परिजनों ने बताया कि लखनऊ में शव को पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया गया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि रामापति देवी की तहरीर की अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है और आरोपी वाहन चालक की भी तलाश की जा रही है।तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, बालिका गंभीर रूप से घायल : जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। एक पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया। हरैया थाना क्षेत्र के ग्राम कमदा निवासी मो. रेहान खान पुत्र युनुस खान ने शनिवार को बताया कि 12 वर्षीय मेरी बहन नाहिदा खातून ई-रिक्शा पर बैठकर तुलसीपुर से घर आ रही थी। परसपुर चौराहे के सामने तेज रफ्तार पिकअप चालक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा को पिकअप करीब 40 मीटर तक घसीट ले गया। मौजूद लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। पिकअप चालक की पहचान जनपद श्रावस्ती थाना सिरसिया के ग्राम जमुनीकला निवासी सुंदरलाल के रूप में हुई है। हादसे में बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। ई-रिक्शा पर बैठे सवारी व चालक बाल-बाल बच गए। मेरी बहन को एंबुलेंस से सीएचसी तुलसीपुर लाया गया। इतने में पिकअप लेकर चालक मौके से भाग गया। हालत गंभीर होने पर मेरी बहन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां बहन का इलाज कराया जा रहा है। एसपी विकास कुमार ने हरैया थाने के प्रभारी निरीक्षक को कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक थाना हरैया अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप चालक सुंदरलाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


