सड़क की अधूरी मरम्मत से ग्रामीण परेशान
विकासखंड हरैया सतघरवा क्षेत्र के सिटकिहवा-प्रानपुर मार्ग की आंशिक मरम्मत को लेकर ग्रामीण नाराज हैं। उनका कहना है कि सड़क jर्जर अवस्था में है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से पूरे मार्ग की मरम्मत करने की मांग की है।

ललिया, संवाददाता। विकासखंड हरैया सतघरवा क्षेत्र के सिटकिहवा-प्रानपुर मार्ग पर कराई गई आंशिक मरम्मत को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क के केवल कुछ हिस्सों में पैचवर्क कराया है, जबकि मार्ग का बड़ा हिस्सा अब भी जर्जर अवस्था में है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सिटकिहवा-प्रानपुर मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और वाहन चालक आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़ी सतह दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं।
बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है और हादसों की आशंका बढ़ जाती है। क्षेत्रवासी रामबचन, राजेश कुमार, शिवकुमार, तीरथराम, राम सहाय, मनोज कुमार, महेंद्र कुमार, विपिन कुमार, कृष्ण कुमार, देवेंद्र कुमार, पुजारी, ननकऊ आदि ग्रामीणों ने विभाग से पूरे मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल आंशिक मरम्मत से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि सड़क की स्थिति की जांच कराकर नियमानुसार जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


