Balrampur News: बीडीओ कार्यालय में निकला जहरीला कोबरा
Balrampur News: बलरामपुर में बीडीओ कार्यालय में सफाई के दौरान जहरीले कोबरा सांप के निकलने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सफाई कर्मचारी ने सांप देख कर तुरंत बीडीओ को सूचना दी। मौके पर सपेरा पहुंचा और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में सफाई बनाए रखने की सलाह दी।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। खंड विकास अधिकारी सदर (बीडीओ) कार्यालय में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यालय की सफाई के दौरान एक जहरीला कोबरा सांप निकल आया। सांप दिखाई देते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय के प्रभावित हिस्से को तत्काल खाली करा दिया गया। करीब तीन घंटे तक कर्मचारी दहशत में रहे। बाद में सपेरे ने मौके पर पहुंचकर जहरीले कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू किया, तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली। सफाई कर्मचारी सुनील कुमार सोमवार सुबह करीब आठ बजे कार्यालय की नियमित सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कार्यालय में मेज के पास बैठे एक जहरीले कोबरा पर पड़ी।
उन्होंने बिना किसी जोखिम के तत्काल इसकी जानकारी खंड विकास अधिकारी संजय कुमार को दी। सूचना मिलते ही बीडीओ समेत अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को खाली कराते हुए सभी को सांप से दूर रहने के निर्देश दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोबरा काफी देर तक कार्यालय परिसर में ही मौजूद रहा, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना रहा। इस दौरान कार्यालय का कार्य भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर एक सपेरा मौके पर पहुंचा और करीब 11:15 बजे तक उसने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। समय रहते कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू हो जाने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद अधिकारियों ने कर्मचारियों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, झाड़ियों की नियमित कटाई कराने तथा किसी भी प्रकार का सांप या अन्य विषैला जीव दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों या वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी। घटना के बाद पूरे कार्यालय परिसर में काफी देर तक इसी घटना की चर्चा होती रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


