Balrampur News: धनुष तोड़ने वाला कोई शिव का प्यारा ही होगा से गूंजा पंडाल
Balrampur News: बलरामपुर के रामलीला मैदान में फुलवारी लीला, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, परशुराम-लक्ष्मण संवाद और राम-विवाह का मंचन हुआ। महाराजगंज की रामलीला के चौथे दिन दशरथ प्रतिज्ञा, राम वनवास, राम-केवट संवाद और राजा दशरथ के देहावसान के प्रसंग दिखाए गए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर किया।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। नगर के रामलीला मैदान में श्रीश्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में गुरुवार रात फुलवारी लीला, रावण-बाणासुर संवाद, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, परशुराम-लक्ष्मण संवाद और राम-विवाह का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। रामलीला मंचन की शुरुआत रावण-बाणासुर संवाद से किया गया। इसके बाद जनकपुर में आयोजित धनुष यज्ञ का दृश्य प्रस्तुत किया गया। राजा जनक के दरबार में अनेक राजाओं ने शिवधनुष उठाने का प्रयास किया, लेकिन सभी असफल रहे। अंत में भगवान श्रीराम ने सहजता से धनुष उठाकर उसे तोड़ दिया। इस दृश्य पर पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सीता जी द्वारा श्रीराम को वरमाला पहनाने का प्रसंग भावपूर्ण रहा। शिव धनुष टूटने के बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। लक्ष्मण की व्यंग्यपूर्ण वाणी और परशुराम के क्रोधपूर्ण संवाद ने हास्य और वीर रस का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। श्रीराम के कथन शिव धनुष तोड़ने वाला कोई शिव का प्यारा ही होगा ने प्रसंग को और प्रभावशाली बना दिया। रामलीला का समापन श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग से हुआ। विवाह गीत, मंगल ध्वनियों और भव्य बारात की झांकी ने पूरे वातावरण को मिथिलानगरी जैसा बना दिया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि लखीमपुर खीरी के न्यू आदर्श रामलीला मंडल के कलाकार राधेश्याम रामायण पर आधारित मंचन के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर रहे हैं।
महाराजगंज में रामलीला का भावपूर्ण मंचन
राम वनवास और राम-केवट संवाद ने दर्शकों को किया भावविभोर
वनवास और केवट संवाद के प्रसंग
महाराजगंज तराई, संवाददाता। महाराजगंज कस्बे में चल रही रामलीला के चौथे दिन कलाकारों ने दशरथ प्रतिज्ञा, राम वनवास, राम-केवट संवाद और राजा दशरथ के देहावसान सहित विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया। राम वनवास का दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
मंचन में दिखाया गया कि राजा दशरथ ने श्रीराम को अयोध्या का राजा बनाने की घोषणा की। राज्याभिषेक की तैयारियों के बीच मंथरा के बहकावे में आकर रानी कैकेयी ने अपने दो वरदान मांग लिए। उन्होंने भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा। पिता के वचनों का पालन करते हुए श्रीराम माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ वन को प्रस्थान कर गए। इसके बाद राम-केवट संवाद का मनोहारी मंचन हुआ। केवट ने श्रीराम के चरण स्पर्श से पत्थर के नारी बनने की कथा का उल्लेख करते हुए अपनी नाव के सुरक्षित रहने की चिंता जताई। इस प्रसंग ने दर्शकों को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। उधर श्रीराम के अयोध्या न लौटने की सूचना मिलने पर राजा दशरथ ने प्राण त्याग दिए। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, गणेश प्रसाद सोनी, शिव प्रसाद गुप्ता, प्रेमचंद कौशल, बालमुकुंद गुप्त और जयमंगल गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

