ऑनलाइन हाजरी के विरोध में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
Balrampur News - बलरामपुर में एक हजार से अधिक पंचायत सफाई कर्मियों ने ऑनलाइन हाजरी के खिलाफ विकास भवन पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के स्वच्छता ऐप का विरोध किया और आदेश वापस लेने की मांग की। आंदोलन के कारण जिले की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। संघ के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

बलरामपुर, संवाददाता। ऑनलाइन हाजरी के खिलाफ जिले भर में तैनात एक हजार से अधिक पंचायत सफाई कर्मियों ने विकास भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के स्वच्छता ऐप का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। कर्मियों ने इस आदेश को वापस लेने के लिए विकास भवन परिसर में पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। कर्मियों ने कहा कि जबतक इस आदेश को वापस नहीं लिया जाता है वे लोग अपना आंदोलन जारी रखेंगे। कर्मियों ने यह भी बताया कि अधिकांश सफाई कर्मी जिला स्तरीय अधिकारियों के कार्यालय से संबद्ध हैं, जिसके कारण गांव की सफाई व्यवस्था बेपटरी है। जो कर्मी अधिकारियों के यहां संबद्ध हैं वह गांव में जाकर कैसे अपनी हाजरी लगाएंगे।
शनिवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गौतम की अगुवाई में कर्मी विकास भवन पहुंचे। कर्मचारियों के आंदोलनरत होने के कारण जिले की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। आंदोलनरत सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए संघ जिलाध्यक्ष प्रदीप गौतम ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती के समय नियमावली में अनदेखी की गई। यही कारण है कि अब तक बड़ी संख्या में सफाई कर्मी निरीक्षर हैं। ऑनलाइन हाजरी के लिए स्मार्ट फोन चलाना कर्मी नहीं जानते हैं। जिलाधिकारी का यह आदेश व्यवहारिक नहीं है। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष राकेश चौधरी ने कहा कि शासन स्तर से जारी जॉब चार्ट में सफाई कर्मचारियों की तैनाती एवं उपस्थिति की व्यवस्था को उल्लेखित किया गया है। जिसका पालन प्रदेश के अन्य जनपदों में किया जा रहा है। इसके बावजूद बलरामपुर में अलग से व्यवस्था लागू करना न्याय संगत नहीं है। यह शासन के मंशा के विपरीत भी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष तुलाराम गिरी ने कहा कि यह सफाई कर्मियों के मेहनत और लगन पर सवाल खड़ा करने वाला आदेश है। संघ के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी जिले के अधिकारी नहीं चेते तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। यह भी मांग की गई कि उच्च पदों पर आसीन अधिकारी स्मार्ट फोन से उपस्थिति लेना चाहते हैं तो प्रत्येक सफाई कर्मी के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध कराएं। प्रदर्शन के दौरान अब्दुल हमीद, सुंदर लाल, रमेश कुमार शुक्ल, शरद कुमार, सरोज, राजरानी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




