तीन खंड शिक्षाधिकारी व एक प्रधानाध्यापक को मिली पदोन्नति
बलरामपुर जिले में तीन खंड शिक्षाधिकारियों और एक प्रधानाध्यापक को पदोन्नति मिली है। माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-2 द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को उच्चतर वेतनमान 56,100 से 1,77,500 रुपये (लेवल-10) दिया गया है। पदोन्नति लोक सेवा आयोग प्रयागराज की संस्तुति पर की गई है।

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में तैनात तीन खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) तथा एक राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक को शासन की ओर से पदोन्नति की सौगात मिली है। माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-2 द्वारा जारी आदेश के तहत उप शिक्षा अधिकारी (राजकीय) संवर्ग के अधिकारियों को उच्चतर वेतनमान प्रदान किया गया है। यह पदोन्नति लोक सेवा आयोग प्रयागराज की विभागीय चयन समिति की संस्तुति के आधार पर की गई है। जिले में कार्यरत खंड शिक्षाधिकारी राजकुमार, रामचंद्र एवं रमेश चंद्र के साथ राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत के प्रधानाध्यापक डॉ. चंदन पांडेय को पदोन्नत किया गया है। शासनादेश के अनुसार सभी पदोन्नत अधिकारियों को 56,100 से 1,77,500 रुपये (लेवल-10) का वेतनमान दिया गया है।
निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी अपने वर्तमान तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करते हुए शासन के नियमों एवं चरित्र-आचरण संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। नई तैनाती से संबंधित आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। शासन की ओर से आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, शिक्षा निदेशक, लोक सेवा आयोग प्रयागराज व माध्यमिक शिक्षा परिषद सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेज दी गई है। अधिकारियों को पदोन्नति मिलने पर बीएसए शुभम शुक्ल तथा खंड शिक्षाधिकारी अशोक कुमार पाठक समेत शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


