जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समन्वय समिति की हुई बैठक
Balrampur News - बलरामपुर में जनगणना-2027 की तैयारियों के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। एडीएम ज्योति राय ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक होगा और यह पूरी तरह डिजिटल होगा। नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा 7 से 21 मई तक मिलेगी।

बलरामपुर संवाददाता। जनगणना-2027 की तैयारियों के क्रम में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम ज्योति राय ने की, जबकि उत्तर प्रदेश के जिला प्रभारी महेंद्र कुमार गुप्ता ने जनगणना-2027 की विस्तृत कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रस्तावित है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। इसके तहत 7 से 21 मई तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी, जिससे वे अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से डाटा संकलित करेंगे। एडीएम ज्योति राय ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य पूर्ण करें। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। बैठक में बीएसए सहित सभी तहसीलों के एसडीएम उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


