Balrampur News: उतरौला में 16 घंटे गुल रही बिजली, लोग रहे परेशान
Balrampur News: बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति से उपभोक्ताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ा। गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक 16 घंटे बिजली गुल रही, जिससे घरों और दुकानों में काम प्रभावित हुए। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से स्थायी समाधान की मांग की।

Balrampur News: बलरामपुर/उतरौला, संवाददाता। जिला मुख्यालय के साथ नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। कहीं हल्की हवा और बारिश के बाद घंटों बिजली गुल हो जा रही है तो कहीं लाइन शिफ्टिंग और ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर लंबे समय तक आपूर्ति बाधित हो रही है। उतरौला नगर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब नौ बजे से शुक्रवार दोपहर तक लगभग 16 घंटे बिजली गुल रहने के बाद अब रविवार को भी उपभोक्ता निर्बाध आपूर्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लंबे बिजली कटौती के कारण घरों से लेकर दुकानों तक कामकाज प्रभावित हुआ।
उतरौला तहसील क्षेत्र में गुरुवार को हल्की हवा के साथ बारिश शुरू हुई। इसके बाद रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। रातभर बिजली नहीं आने से लोगों को उमस और गर्मी में परेशान होना पड़ा। मोबाइल फोन चार्ज करने से लेकर पानी की व्यवस्था तक प्रभावित रही। शुक्रवार सुबह लोगों को उम्मीद थी कि कुछ देर में आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी बिजली नहीं आई। शिकायतें करने के बाद दोपहर करीब एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटौती अब केवल किसी एक दिन की समस्या नहीं रह गई है। उतरौला तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। विनोद, रवि गुप्त, संतोष गुप्त, सुमित कुमार, नसीम अहमद और नसीर शाह समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि 16 घंटे तक बिजली न रहने से दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। रात में बिजली नहीं होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हुई। उपभोक्ताओं के मुताबिक बिजली विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। हल्की बारिश अथवा हवा चलने पर आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने जर्जर तार और पुराने उपकरणों को बदलने के साथ ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है।बलरामपुर नगर क्षेत्र में शनिवार को बिजली आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। वीर विनय चौराहा व बहराइच मार्ग पर झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के कारण बिजली के ट्रांसफार्मर व लाइन की शिफ्टिंग का काम कराया गया, जिसके चलते करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान सैकड़ों उपभोक्ताओं व दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी। बहराइच मार्ग स्थित पथिक होटल के ट्रांसफार्मर का एचटी फ्यूज खोलने के बाद बिजली कर्मचारियों ने लाइन शिफ्टिंग का काम किया। इस दौरान झारखंडी मंदिर, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इलेक्ट्रिक दुकानदार मनोज व अशरफ ने बताया कि बिजली बंद होने से उपकरणों की मरम्मत का काम तक नहीं हो सका। दिन में करीब सात बार बिजली की आवाजाही होने से दुकानदारों को काम करने में दिक्कत हुई।


