Balrampur News: तय समय पर विभाग की ओर से कर दी गई कटौती, उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता रहे बेहाल

हिन्दुस्तान, बलरामपुर
Follow us on Google News
share

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत विद्युत विभाग की ओर से जारी दो दिवसीय शटडाउन रोस्टर के अनुसार गुरुवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी और 40 डिग्री तापमान में कई इलाकों में उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से सूचना देने के बावजूद, लोगों ने लंबे समय तक बिजली कटौती से कठिनाई अनुभव की।

Balrampur News: तय समय पर विभाग की ओर से कर दी गई कटौती, उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता रहे बेहाल

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत विद्युत विभाग की ओर से जारी दो दिवसीय शटडाउन रोस्टर के अनुसार गुरुवार को भी शहर के कई प्रमुख इलाकों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बलरामपुर टाउन से जुड़े 11 केवी पहलवारा फीडर पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित कटौती की गई। इससे बुधवार के बाद लगातार दूसरे दिन उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर गुरुवार को जिले पारा 40 डिग्री के आस पास रहा, जो चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को 45 डिग्री का एहसास करा रहा है। विद्युत विभाग ने अनुरक्षण कार्य को लेकर पहले ही दो दिनों का रोस्टर जारी कर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी थी। गुरुवार को भी निर्धारित समय पर आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली गुल रहने के दौरान उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। घरों और दुकानों में पंखे-कूलर बंद रहने से लोग बेहाल रहे। जरूरी काम के लिए बिजली पर निर्भर लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से इस दौरान 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, अतिरिक्त एलटी सर्किट निर्माण और इंटरपोलिंग समेत अनुरक्षण संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। कटौती के कारण कलेक्ट्रेट, विकास भवन, एसपी कार्यालय, सैनिक कल्याण कार्यालय, अवधूत भगवान आवासीय स्कूल, श्यामविहार कॉलोनी, सुहागिनपुरवा, कांशीराम आवास और अचलापुर वार्ड के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। दो दिन लगातार रोस्टर के तहत बिजली कटौती होने से उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि पहले से सूचना मिलने के कारण उन्होंने अपने जरूरी काम की तैयारी कर ली थी, लेकिन गर्मी के बीच निर्धारित चार घंटे बिजली न मिलने से काफी परेशानी हुई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित की गई。

पहले से सूचना मिलने से लोगों ने की थी तैयारी

विद्युत विभाग की ओर से दो दिनों तक प्रस्तावित शटडाउन की सूचना पहले ही जारी कर दी गई थी। इसके चलते कई उपभोक्ताओं ने पानी भरने, मोबाइल चार्ज करने और बिजली से जुड़े जरूरी काम कटौती शुरू होने से पहले ही निपटा लिए। बावजूद इसके दोपहर के समय चार घंटे तक आपूर्ति बंद रहने से लोगों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। खासकर घरों में बुजुर्गों, बच्चों और दुकानदारों को दिक्कत हुई। कई लोगों ने कहा कि लगातार दो दिन दोपहर में बिजली कटने से दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई। हालांकि रोस्टर की जानकारी पहले से होने के कारण अचानक बिजली कटौती जैसी स्थिति नहीं बनी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ही अनुरक्षण कार्य कराया जा रहा है।

चिलचिलाती धूप के बीच 40 का पारा एहसास करा रहा 45 डिग्री

मौसम विभाग के ऑकड़ों के अनुसार गुरुवार को जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को 45 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में भी अपेक्षाकृत कम आवाजाही देखने को मिल रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पंखे, कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं, लेकिन बिजली कटौती ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिन में कई बार बिजली गुल होने से घरों और दुकानों में लोग परेशान हैं। बिजली आने के बाद भी लो-वोल्टेज की समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। लोगों ने निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है।

भीषण गर्मी में बिजली गुल, सैकड़ों गांवों के लोग बेहाल, प्रदर्शन की चेतावनी

तुलसीपुर, संवाददाता। भीषण गर्मी और उमस के बीच विकासखंड तुलसीपुर के ग्राम पंचायत देहात तुलसीपुर फीडर विश्व बैंक से बुधवार से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सैकड़ों गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।

देहात फीडर से जुड़े गांवों में रातभर अंधेरा छाया रहा। गर्मी और उमस से परेशान लोग घरों के बाहर सोने को मजबूर हुए। बिजली गुल होने से पानी की आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और ई-रिक्शा संचालन भी प्रभावित हुआ है। उपभोक्ता मिथिलेश गिरी आदि ने आरोप लगाया कि बिजली जाने के बाद पावर हाउस और संबंधित अधिकारियों को लगातार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया और न ही आपूर्ति बाधित होने की जानकारी दी गई। लाइनमैन व अन्य कर्मचारियों के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से फीडर की लाइन की तत्काल जांच कराकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या शीघ्र दूर नहीं हुई तो पावर हाउस पर प्रदर्शन किया जाएगा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦विद्युत विभाग ने कब शटडाउन की सूचना दी थी?−
विद्युत विभाग ने दो दिनों तक प्रस्तावित शटडाउन की सूचना पहले ही जारी कर दी थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsबलरामपुरBalrampur News: तय समय पर विभाग की ओर से कर दी गई कटौती, उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता रहे बेहाल